Bureau Report /Rakesh Tripathi Maharajganj /News 18 Plus /Chief Editor
महराजगंज, 09 सितंबर। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को एनआईसी सभागार में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागवार दायित्व और तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना तथा सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना को और मजबूत करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके तहत जनपद के प्रमुख मंदिरों, घाटों, महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। संबंधित विभागों को कार्यक्रम की प्रभावी तैयारी और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में भाषण और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। साथ ही बुद्धिजीवियों द्वारा युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें विकास, नवाचार, सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर दिया।
उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया कि 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। कार्यक्रमों में हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मान तथा बच्चों को कॉमिक बुक्स, पौष्टिक फल और मिठाई का वितरण कराया जाएगा।
सीडीओ ने कहा कि सरकार की योजनाओं से जिन नागरिकों के जीवन में उल्लेखनीय और सकारात्मक बदलाव आया है, उनकी सफलता की कहानियों को अभियान के दौरान प्रभावी ढंग से लोगों के सामने प्रस्तुत किया जाए। इसके लिए लाभार्थियों की शॉर्ट फिल्म और रील तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने के निर्देश दिए गए, ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक प्रभाव अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों और वार्डों में सेवा संकल्प अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने तथा अधिकारियों को अपने-अपने स्तर पर निर्धारित कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान के आयोजन में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने पर्यटन, ग्राम्य विकास, सूचना, पंचायतीराज, नगर विकास, बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आयोजित कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो शासन द्वारा प्रेषित लिंक पर समय से साझा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी बीएन कन्नौजिया, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी निरंकार, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।