Bureau Report /Rajiv Tripathi/ Nichlaul News 18 Plus /Chief Editor
सरस्वती देवी महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की विशेष योग एवं शारीरिक शिक्षा कार्यशाला आयोजित।
निचलौल, महराजगंज। सरस्वती देवी महाविद्यालय, टिकुलहिया निचलौल-महराजगंज में राष्ट्रीय सेवा योजना की ‘आचार्य रजनीश’ इकाई एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधि के अंतर्गत बीए, बीएससी और बीकॉम तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए शारीरिक शिक्षा एवं योग की विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के साथ उनमें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।
कार्यशाला के योगाभ्यास सत्र में मुख्य प्रशिक्षक विशाल कसौधन ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का व्यावहारिक अभ्यास कराया। उन्होंने योगाभ्यास के दौरान सही मुद्रा, श्वास-प्रश्वास की प्रक्रिया तथा आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
प्रशिक्षक ने कहा कि नियमित योग शरीर को ऊर्जावान और निरोग रखने के साथ एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं मानसिक अनुशासन को भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन और मानसिक संतुलन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं अतिरिक्त गतिविधि समिति की अध्यक्षा पल्लवी ने भी विद्यार्थियों के साथ योगाभ्यास में सहभागिता की। राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस गतिविधि में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यशाला के समापन पर विद्यार्थियों ने योग को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।