*सीमा स्तंभ 498 के पास 470 पीस हुक्का मसाला बरामद, तस्कर बोरी छोड़ नेपाल फरार!*

Bureau Report/News 18 Plus Bureau/Nichalal

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी के ‘ए’ समवाय पतलावा और स्थानीय पुलिस की संयुक्त गश्त के दौरान 470 पीस अफजाल हुक्का मसाला मिंट फ्लेवर बरामद किया गया। हालांकि, गश्ती दल को पीछे से आता देख तस्कर बोरी को नो-मैन्स लैंड के समीप पानी में फेंककर नेपाल की ओर फरार हो गया। मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

 

जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को करीब 14:10 बजे समवाय आसूचना कर्मियों से सूचना मिली कि सीमा स्तंभ संख्या 498 के पास भारत की ओर से खेत के रास्ते कुछ लोग सिर पर बोरी रखकर नेपाल जाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही औरहवा ओपी पार्टी तथा स्थानीय पुलिस की गश्ती टीम को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए।

 

संयुक्त गश्ती दल सीमा स्तंभ 498 के पास पहुंचा तो एक व्यक्ति सिर पर बोरी लेकर सीमा के नजदीक पहुंच चुका था। पुलिस और एसएसबी जवानों को पीछे से आता देख वह बोरी को नो-मैन्स लैंड के समीप पानी में फेंककर नेपाल की ओर भाग निकला।

 

संयुक्त दल ने मौके पर बोरी की जांच की तो उसमें दो कार्टून में कुल 47 पैकेट अफजाल हुक्का मसाला मिंट फ्लेवर बरामद हुआ। प्रत्येक पैकेट में 10 पीस के हिसाब से कुल 470 पीस हुक्का मसाला मिला। संयुक्त दल ने करीब 14:45 बजे बरामद सामान को जब्त कर लिया। सामान की सुपुर्दगी संबंधी कार्रवाई प्रक्रियाधीन बताई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *