Bureau Report/News 18 Plus Bureau/Maharajganj
डीएम ने प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर बढ़ाया हौसला, राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए नाम भेजने की होगी कार्रवाई।
महराजगंज, 14 सितम्बर। निचलौल क्षेत्र में नहर में कूदी महिला की जान बचाने वाले कक्षा 10 के दो बहादुर छात्रों को जिलाधिकारी महराजगंज ने अपने कार्यालय में आमंत्रित कर प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। दोनों छात्रों की बहादुरी की सराहना करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना संकट में फंसी महिला की सहायता कर अदम्य साहस और मानवता का परिचय दिया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों छात्रों का यह कार्य अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय है। ऐसे साहसिक कार्य समाज में मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं और युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में निस्वार्थ भाव से दूसरों की मदद करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चे समाज और देश की अमूल्य धरोहर हैं।
जानकारी के अनुसार, थाना निचलौल क्षेत्र में एक महिला के नहर में छलांग लगाने की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही मौके पर मौजूद दो बहादुर छात्रों कृष्णा गुप्ता निवासी सेखुई, थाना चौक तथा सद्दाम हुसैन निवासी कोहड़वल, थाना निचलौल ने बिना अपनी जान की परवाह किए नहर के तेज बहाव में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दोनों छात्र मसीह सेवाश्रम इंटर कॉलेज की कक्षा 10 में अध्ययनरत हैं। उनकी बहादुरी की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने दोनों को कार्यालय बुलाकर व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया। साथ ही उनके विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों में साहस, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला सूचना अधिकारी को दोनों छात्रों के नाम राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार के लिए प्रेषित किए जाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि इन दोनों छात्रों का साहस निश्चित रूप से अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।