Bureau Report/ Rajiv Tripathi Siswa Kothibar /News 18 Plus/ Co-Editor
एक दिन से लापता था अमित चौबे, नशे का सेवन करने की बात सामने आई; मौत का कारण स्पष्ट नहीं।
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के रामपुर खुर्द गांव में शुक्रवार शाम तालाब में 35 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान रामपुर खुर्द निवासी अमित चौबे पुत्र निक्कन चौबे के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक दिन से लापता था युवक
जानकारी के अनुसार, अमित चौबे 17 सितंबर की सुबह करीब 8:30 बजे घर से निकला था। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इसी बीच शुक्रवार शाम करीब सात बजे रामपुर खुर्द गांव स्थित तालाब में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
मौत का कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस के अनुसार, परिजनों ने बताया कि मृतक नशे का सेवन करता था। उसकी पत्नी भी मायके गई हुई थी। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने की उम्मीद है।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
कोठीभार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।