न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल
सुबह पत्नी ने देखा तो मचा हड़कंप, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया; पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच।
निचलौल (महराजगंज)। निचलौल थाना क्षेत्र के कोहड़वल गांव के सिसवाडीह टोले में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब करीब 40 वर्षीय इंदल भारती का शव घर के बरामदे में सीढ़ी के पास निकली लोहे की छड़ से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह इंदल भारती की पत्नी सुनीता कमरे से बाहर निकलीं। इसी दौरान उनकी नजर सीढ़ी के पास लटके पति के शव पर पड़ी। यह दृश्य देखकर वह घबरा गईं और शोर मचाने लगीं। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

सूचना मिलने पर निचलौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। हालांकि, प्रथम दृष्टया घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
परिजनों के मुताबिक इंदल भारती गारा-माटी और मजदूरी का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी सुनीता के अलावा चार बच्चे हैं। बड़ा बेटा सर्वेश करीब 20 वर्ष का है, जो रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर गया हुआ है। इसके अलावा बेटियां आरती करीब 18 वर्ष और आकृति भारती करीब 16 वर्ष तथा सबसे छोटा बेटा देवराज करीब 13 वर्ष का है।
पति की मौत के बाद पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं आरती, आकृति और देवराज भी गहरे सदमे में हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीण भी घटना को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।