रिपोर्ट राकेश त्रिपाठी
महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को मिठौरा ब्लॉक परिसर में क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) के लिए नवनिर्मित हौसला संकुल समिति कार्यालय भवन का उद्घाटन किया। खास बात यह रही कि जिलाधिकारी ने भवन का उद्घाटन स्वयं सहायता समूह की महिला सदस्य से कराया। इससे समूह की महिलाओं में उत्साह और खुशी देखने को मिली।
उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं से संवाद कर उनके कार्यों और गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। संगठित प्रयासों से महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता के अवसर भी पैदा कर रही हैं।
जिलाधिकारी ने क्लस्टर द्वारा तैयार किए जा रहे सेनेटरी किट की सराहना की। उन्होंने कहा कि अमूल जैसे बड़े ब्रांड भी आम लोगों के संगठित प्रयासों का परिणाम हैं। इसी तरह स्वयं सहायता समूहों के सामूहिक प्रयासों से महराजगंज से भी ऐसा ब्रांड उभरकर सामने आ सकता है, जो जिले की पहचान बने। उन्होंने महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने के साथ पैकेजिंग और मार्केटिंग पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद जिलाधिकारी ने भागाटार स्थित कमल स्वयं सहायता समूह के कार्यालय का निरीक्षण किया। समूह द्वारा ‘महाराज ब्रांड’ नाम से तैयार किए जा रहे मसालों की जानकारी ली और महिलाओं के प्रयास की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समूह का यह प्रयास अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा और उदाहरण बने।
मिठौरा ब्लॉक परिसर में स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी जिलाधिकारी ने अवलोकन किया। उन्होंने समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी की। ब्लॉक एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने भी स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करते हुए स्वयं सहायता समूहों की निर्मित सामग्री खरीदी।
इस अवसर पर वनटांगिया क्षेत्र की पांच महिलाओं को मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए बी-बॉक्स वितरित किए गए।