*30 सितंबर को विकास भवन में लगेगी दिव्यांगजनों की मोबाइल कोर्ट!*

Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj 

 

शिकायतों की होगी सुनवाई, दिव्यांगजन अधिकार, आरक्षण, प्रमाण-पत्र और योजनाओं से जुड़े मामलों का होगा त्वरित निस्तारण।

महराजगंज, 24 सितंबर। राज्य आयुक्त दिव्यांगजन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर जनपद के दिव्यांगजनों की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए 30 सितंबर 2026 को विकास भवन सभागार में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया जाएगा। इसमें दिव्यांगजनों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई कर उनके निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी।

 

मोबाइल कोर्ट में दिव्यांगजन निर्धारित प्रारूप पर आवेदन प्रस्तुत कर अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे। इसमें 18 वर्ष से कम आयु के दिव्यांग बच्चों की समेकित शिक्षा, शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश में आरक्षण, गरीबी उन्मूलन एवं कल्याणकारी योजनाओं में आरक्षण से संबंधित मामलों की सुनवाई होगी।

 

इसके साथ ही दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के अंतर्गत मिलने वाली सुविधाओं एवं अधिकारों, भेदभावपूर्ण व्यवहार, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र जारी करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों को भी सुनवाई के लिए शामिल किया जाएगा।

 

दिव्यांगजन अपनी शिकायतों एवं समस्याओं से संबंधित निर्धारित प्रारूप में आवेदन लेकर मोबाइल कोर्ट में उपस्थित हो सकते हैं। अधिकारियों के स्तर से प्राप्त शिकायतों की सुनवाई करते हुए उनका त्वरित निस्तारण कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *