परागपुर में अनियंत्रित स्कॉर्पियो गहरे गड्ढे में गिरी, बाल-बाल बचे यात्री!अचानक बिगड़ा वाहन का संतुलन, हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी; ग्रामीणों ने पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल

 

महराजगंज। निचलौल ब्लॉक क्षेत्र के परागपुर गांव के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के दौरान वाहन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, राहत की बात रही कि सभी यात्री बाल-बाल बच गए और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और देखते ही देखते सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में जा गिरी। वाहन के गड्ढे में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और वाहन में सवार यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की।

 

थाना प्रभारी योगेंद्र राय ने बताया घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे बने गड्ढे और सड़क की खराब स्थिति के कारण यहां हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।

 

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थिति दुरुस्त कराने, सड़क किनारे बने गड्ढों को भरवाने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *