स्वास्थ्य सेवाओं की धीमी प्रगति पर डीएम सख्त, निचलौल-पनियरा में सुधार के निर्देश!जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, टीकाकरण में लापरवाही पर ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक का मानदेय रोकने के निर्देश।

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। जिले में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में 26 सितंबर को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय से पहुंचाने और कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में गैर-संचारी रोगों की जांच की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जांच का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए। पनियरा, निचलौल और नौतनवा में गैर-संचारी रोगों के उपचार की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर चिन्हित लाभार्थियों का उपचार सुनिश्चित कराने और प्रगति में सुधार लाने को कहा।

 

जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा पात्र लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। मातृ मृत्यु की घटनाओं की अनिवार्य रूप से प्रभावी रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए गए। निचलौल और लक्ष्मीपुर विकासखंडों में शल्य प्रसव की संख्या बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा गया।

 

कुपोषित बच्चों पर भी विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के निर्देश दिए। इसके लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया।

 

टीकाकरण में लापरवाही पर मानदेय रोकने के निर्देश

 

नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा में निचलौल और पनियरा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने सुधार के निर्देश दिए। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी को प्रत्येक सप्ताह दोनों क्षेत्रों में जाकर टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करने को कहा गया। निचलौल में टीकाकरण की खराब प्रगति तथा एएनएम द्वारा यू-विन पोर्टल पर विवरण दर्ज नहीं किए जाने पर संबंधित ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक का मानदेय रोकने के निर्देश दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस पर एएनएम आवश्यक औषधियों और सभी जरूरी सामग्री के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। टीकाकरण की कार्ययोजना ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव और लेखपाल को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

 

आयुष्मान लाभार्थियों के सत्यापन पर जोर

 

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान धानी, पनियरा, सदर और बृजमनगंज के लाभार्थियों का आधार आधारित सत्यापन कराकर संबंधित विभागों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से अंतःरोगी विभाग में भर्ती मरीजों की रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना चाहिए। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि योजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष प्रयास कर सुधार सुनिश्चित करें।

 

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. द्विवेदी सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *