न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल
महराजगंज। संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने रविवार को थाना निचलौल क्षेत्र के टेल फॉल और ग्राम बलुआ टोला गेडहवा का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में जलस्तर, कटान और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में खाद्य सामग्री सहित आवश्यक राहत व्यवस्थाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस बल एवं प्रशासनिक टीमों को संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करने, तटीय क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से जलस्तर और परिस्थितियों पर लगातार निगरानी बनाए रखने की बात कही गई।