न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज, 27 सितंबर। जनपद में 26 सितंबर को तेज आंधी एवं वर्षा के दौरान पेड़ गिरने तथा कच्चे और खपरैल मकान क्षतिग्रस्त होकर गिरने की अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मृत्यु हो गई। हादसों के बाद प्रशासन ने राहत एवं सहायता कार्य तेज कर दिया है।
तहसील निचलौल के ग्राम शीतलापुर निवासी पन्ने कुमार प्रजापति (30 वर्ष) की सिंदुरिया के पास कंचनपुर में पेड़ की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। वहीं तहसील फरेंदा के ग्राम जीगीनीहा में खपरैल मकान गिरने से कुशमी (69 वर्ष) मलबे में दब गईं और उनकी मृत्यु हो गई।
तहसील सदर के ग्राम चंदन चाफी में भी पेड़ गिरने से गौरी शंकर (45 वर्ष) और उनकी 42 वर्षीय पत्नी की मृत्यु हुई।
घटनाओं की जानकारी के बाद जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संबंधित अधिकारियों को सभी घटनास्थलों का निरीक्षण कर जनहानि एवं संपत्ति क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों को नियमानुसार राज्य आपदा मोचक निधि से अनुमन्य आर्थिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराने को कहा है।
प्रशासन की राजस्व एवं अन्य संबंधित टीमें घटनास्थलों पर राहत कार्य में जुटी हैं। अधिकारियों द्वारा नुकसान का जायजा लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।