न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में रविवार को जनपद के सभी थानों पर ‘संवाद दिवस’ का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना परिसर में प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्षों ने पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में उच्चाधिकारियों द्वारा जारी आदेशों और निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने के साथ ही आमजन की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया गया।
संवाद दिवस के दौरान पुलिस कर्मियों को अपनी समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष खुलकर रखने का अवसर भी दिया गया। अधिकारियों ने उनकी बातों को सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस विभाग के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पुलिस कर्मियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के साथ उनके मनोबल को मजबूत करना है।