न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज। एसएस इंटर कॉलेज करमही के प्रांगण में प्रधानमंत्री द्वारा संचालित ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रनिर्माण, एकता, सद्भाव, संस्कार और शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता वरिष्ठ भाजपा नेता अजय कुमार श्रीवास्तव रहे। अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक अजय कुमार मिश्र ने की। संचालन शैलेश पटेल ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मुख्य वक्ता अजय कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का भविष्य केवल सपनों से नहीं, बल्कि एकता, सद्भाव, संस्कार, शिक्षा और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी से निर्मित होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से जाति और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य होने के साथ-साथ वर्तमान को दिशा देने वाली महत्वपूर्ण शक्ति हैं। उनके विचारों में राष्ट्रप्रेम, आचरण में संस्कार और संकल्प में देश के उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाई देनी चाहिए।
कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य आदित्य कुमार पाण्डेय, शिक्षक राकेश कुमार गुप्ता, श्रवण मिश्र, मोहिनी पाण्डेय सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि एक सकारात्मक विचार जीवन में बदलाव ला सकता है और सामूहिक संकल्प समाज तथा राष्ट्र के विकास की दिशा तय कर सकता है। कार्यक्रम में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत और विकसित भारत’ की भावना के साथ राष्ट्रनिर्माण में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया गया।