न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकास खंड सदर में आयोजित ‘सेवा सेतु’ शिविर का उद्घाटन केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं सांसद पंकज चौधरी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल और सूचना विभाग की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे लाभार्थियों से संवाद कर सरकारी योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली।
लाभार्थियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होना देश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इसी अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य सेवा को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जनसरोकार और जनभागीदारी से जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि ‘सेवा सेतु’ सरकार की योजनाओं और आमजन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन रहा है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के लिए संचालित योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र व्यक्ति को योजना की जानकारी मिले और समय से उसका लाभ प्राप्त हो।
केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई बार जानकारी के अभाव में पात्र लोग योजनाओं का लाभ लेने से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में ‘सेवा सेतु’ जैसे शिविर एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करने की अपील की।
लाभार्थियों को बांटे स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना, पंचायत कल्याण कोष, सीएम युवा, विश्वकर्मा श्रम सम्मान, ओडीओपी, एनआरएलएम और पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। वहीं दो बच्चों का अन्नप्राशन भी उनके हाथों संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में 15 लोगों ने नेत्रदान एवं अंगदान का संकल्प लिया। पंकज चौधरी ने अंगदान को पुनीत कार्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसके लिए आगे आने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सदर की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम से पूर्व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने ब्लॉक परिसर में प्रेरणा कैंटीन का भी शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक सदर जयमंगल कन्नौजिया, पूर्व विधायक फरेंदा बजरंग बहादुर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार सहित अन्य गणमान्य अतिथि, अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।