रिपोर्ट ब्यूरो महराजगंज
निचलौल (महराजगंज)। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन” के तहत बुधवार को थाना निचलौल में आबकारी अधिनियम से संबंधित वर्ष 2024 के 164 अभियोगों में बरामद अवैध शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया।
माननीय न्यायालय से प्राप्त आदेश के क्रम में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 1840 लीटर अवैध देशी, नेपाली एवं कच्ची शराब को गड्ढा खुदवाकर नियमानुसार नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई आबकारी अधिनियम से संबंधित मामलों में बरामद माल मुकदमाती के निस्तारण के तहत की गई।
विनष्टीकरण की कार्रवाई क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र सिंह, तहसीलदार निचलौल अमित सिंह, प्रभारी निरीक्षक निचलौल योगेन्द्र कुमार राय तथा संबंधित पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।