रिपोर्ट ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज, 29 सितंबर। सदर ब्लॉक सभागार, महराजगंज में आयोजित ‘सेवा हेतु शिविर कार्यक्रम’ में चिकित्सा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सृजन आई हॉस्पिटल, महराजगंज के वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. बी. एन. वर्मा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं भारत सरकार के केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
डॉ. बी. एन. वर्मा को यह सम्मान नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने तथा राष्ट्रीय अंधता निवारण कार्यक्रम में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मरणोपरांत देहदान करने वाले संतोष कुमार श्रीवास्तव (बेलवा टीकर), किरन श्रीवास्तव (बेलवा टीकर) और कमला राव (बसडीला, पनियरा) को भी सम्मानित किया गया। वहीं, परिवार के 11 सदस्यों को नेत्रदान के लिए प्रेरित कर नेत्रदान करने वाले विजय सिंह सन्त (बब्लू बाबू), बागापार; जगन्नाथ सिंह, ठूठीभारी; विजय सिंह, रमपुरवा; विनोद कुमार गुप्ता, राजीव नगर; देवेश पांडे, शास्त्री नगर; रघुनाथ वर्मा, रमपुरवा तथा विश्राम चौधरी, मुंडेराकला समेत अन्य नेत्रदान महादानियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, पूर्व विधायक फरेंदा बजरंग बहादुर सिंह, जिला अध्यक्ष संजय पांडे, जिला प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार, उपजिलाधिकारी सदर शिवम कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार चौधरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, खंड विकास अधिकारी सदर राम दरस चौधरी, सदर तहसीलदार पंकज साही, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद आलोक कुमार तथा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भागवत सिंह सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
डॉ. बी. एन. वर्मा का सम्मान चिकित्सा सेवा के साथ नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के प्रयासों की सार्वजनिक सराहना के रूप में सामने आया। कार्यक्रम में सेवा, दान और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।