रिपोर्ट ब्यूरो ठूठीबारी निचलौल
महराजगंज। 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की एफ समवाय झूलनीपुर की सीमा चौकी शीतलपुर और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार तड़के सीमा स्तंभ संख्या 502 के पास कार्रवाई करते हुए 450 बोतल नेपाली देशी शराब (सोफी) बरामद की। शराब की कुल मात्रा 135 लीटर है।
सूचना के आधार पर लगाए गए नाके के दौरान नेपाल की ओर से कुछ संदिग्ध व्यक्ति बोरियों में सामान लेकर भारत में प्रवेश करते दिखाई दिए। सुरक्षा बलों को देखते ही वे सामान छोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया, जबकि अन्य नेपाल की ओर फरार हो गए।
तलाशी में पांच बोरियों से 15 पेटी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 30 बोतलें थीं। गिरफ्तार व्यक्ति और बरामद शराब के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।