एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन, महराजगंज में समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के आदर्श तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, निष्ठा और देशभक्ति आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का दायित्व है कि इन आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में शांति, एकता और सद्भावना बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करे।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। एसपी ने पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ करने के साथ ही स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।