ब्यूरो रिपोर्ट/ न्यूज़ 18प्लस/महराजगंज
महराजगंज, 06 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में आज जिलाधिकारी कार्यालय में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन के दृष्टिगत प्रभारी एवं सहायक प्रभारियों के साथ बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि निर्वाचन में लगाए गए सभी कार्मिकों का प्रशिक्षण निर्धारित समय में पूर्ण करा लिया जाए, ताकि सभी कार्मिकों को अपने दायित्वों एवं निर्वाचन प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट जानकारी रहे। उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि जनपद के सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर एएमएफ की जांच कर लें तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराएं।
जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों के परिवहन तथा मतपेटियों को सुरक्षित गोरखपुर तक पहुंचाने के लिए आवश्यकतानुसार वाहनों के अधिग्रहण की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने बूथों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन करने तथा कमियों को समय से दूर कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अनुभवी अधिकारी हैं। निर्वाचन की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारी पूरी सतर्कता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने सभी प्रभारियों को अपने सहयोगी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए निर्वाचन कार्य को सुचारु एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व अपर जिलाधिकारी (वि/रा) ने सभी प्रभारियों के कार्य एवं दायित्वों के संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराया। जनपद में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन में कुल 3,572 मतदाता हैं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक नवीन गोयल, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, डिप्टी कलेक्टर जितेंद्र कुमार, डिप्टी कलेक्टर विजय यादव, डिप्टी कलेक्टर सिद्धार्थ गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।