रिपोर्ट ब्यूरो सिसवा
महराजगंज। सिसवा नगरपालिका क्षेत्र के सरदार पटेल नगर वार्ड के सबया स्थित तिराहे पर बुधवार को तेज रफ्तार यातायात के बीच बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार सबया दक्षिण टोला निवासी सुनील चौरसिया बाइक से तिराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में सुनील को गंभीर चोटें आईं। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने सुनील चौरसिया को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
तिराहे पर सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि सबया तिराहे पर दिनभर वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में वाहनों की तेज आवाजाही और आमने-सामने की भिड़ंत की आशंका बनी रहती है। बुधवार की घटना ने एक बार फिर इस तिराहे पर यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुर्घटना में बाइक और ई-रिक्शा के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी सामने आई है।
चौकी प्रभारी से संपर्क का प्रयास, नहीं मिला जवाब
घटना के संबंध में जानकारी लेने के लिए चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्या से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। घटना की जानकारी बताए जाने के बावजूद उनकी ओर से फोन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। पुलिस की ओर से घटना को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आ सकी थी।