रिपोर्ट ब्यूरो फरेंदा
गोरखपुर-नौतनवा रेलखंड पर स्थित 11-सी और 13-सी रेलवे अंडरपास पिछले सप्ताह हुई भारी बारिश के बाद जलभराव की चपेट में हैं। दोनों अंडरपास में कई दिनों से पानी जमा होने के कारण स्थिति तालाब जैसी हो गई है। इससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, स्कूल बसों और बड़े वाहनों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश थमने के बाद भी अंडरपास से पानी की निकासी नहीं हो पाती, जिसके चलते कई दिनों तक जलभराव बना रहता है। पानी के बीच से वाहन निकालने के दौरान संतुलन बिगड़ने से कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। वहीं, जलभराव के कारण बड़े वाहनों के आवागमन में भी काफी दिक्कत हो रही है।
लोगों का आरोप है कि समस्या को लेकर जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका। बारिश के बाद पानी जमा होने की समस्या लगातार सामने आती है, बावजूद इसके समय रहते जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की जाती।
स्थानीय लोगों ने दोनों अंडरपास से तत्काल पानी निकलवाने के साथ ही भविष्य में जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की है। इस संबंध में आनंदनगर के आईओडब्ल्यू इसरार अहमद ने बताया कि सोमवार को दोनों अंडरपास से पानी निकालने की व्यवस्था की जाएगी।