दमकी चौक रोड पर कथित देह व्यापार का आरोप, अवैध शराब-गांजा से लेकर होटल व दुकानों तक से कथित वसूली के दावे; पुलिस कार्रवाई पर टिकी निगाहें।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/निचलौल
महराजगंज। निचलौल थाना क्षेत्र के चौक रोड स्थित दमकी इलाके में कथित अनैतिक गतिविधियों को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार, यहां एक मकान के पीछे लंबे समय से कथित रूप से अनैतिक देह व्यापार संचालित होने की चर्चा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
सूत्रों का दावा है कि कथित गतिविधियों का यह ठिकाना पहले झोपड़ी से शुरू हुआ और बाद में ऑनलाइन व्यवस्था के जरिए दो मंजिला मकान तक पहुंच गया। आरोप है कि मकान के पीछे कथित रूप से आने-जाने वालों की गतिविधियां लंबे समय से जारी हैं।
मामला यहीं तक सीमित नहीं बताया जा रहा। सूत्रों के मुताबिक क्षेत्र में अवैध शराब और गांजा जैसी गतिविधियों से जुड़े लोगों तथा निचलौल के कुछ होटलों से कथित रूप से ‘सेवा’ के नाम पर लेनदेन की चर्चा है। कुछ दुकानों से प्रतिमाह 5 से 6 हजार रुपये तक की कथित वसूली किए जाने का भी दावा किया जा रहा है।
इन आरोपों के बीच सबसे बड़ा सवाल कथित ‘सेटिंग’ को लेकर उठ रहा है। सूत्रों ने थाने से जुड़े बताए जा रहे कारखास मनीष सिंह का नाम लेते हुए दावा किया है कि अवैध गतिविधियों से जुड़े लोगों से हर महीने कथित रूप से मोटी रकम पहुंचती है। हालांकि, मनीष सिंह की भूमिका और इन आरोपों की स्वतंत्र अथवा आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि कथित वसूली और गतिविधियों का सिलसिला लंबे समय से चल रहा है। ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है कि यदि आरोपों में जरा भी सच्चाई है तो संबंधित जिम्मेदारों की नजर अब तक इस ओर क्यों नहीं गई?
पूर्व थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा के कार्यकाल को लेकर भी स्थानीय लोगों में चर्चा है कि दमकी रोड पर एक आरक्षी की तैनाती रहती थी। अब नए थाना प्रभारी योगेंद्र राय के सामने भी इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने लाने की चुनौती है।
थाना प्रभारी योगेंद्र राय ने कहा कि यदि इस तरह की गतिविधियां सामने आती हैं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह है कि जिले के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी इन गंभीर आरोपों पर जांच के निर्देश देते हैं या मामला महज चर्चाओं और फाइलों तक सीमित रह जाता है। स्थानीय लोगों की नजर अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है।