Bureau Report /News 18 Plus /Siswa Kothibar
साइबर अपराध, महिला हेल्पलाइन और सामाजिक कुरीतियों के बारे में दी गई जानकारी, बाल विवाह व दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता का संदेश।
कोठीभार, महराजगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को कोठीभार थाना पुलिस की सीपीयू टीम एवं मिशन शक्ति टीम ने थाना क्षेत्र के भुलौली स्थित एसकेएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसवा बाजार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को नए कानूनों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक वंश गोपाल शर्मा, महिला उपनिरीक्षक लकी पटेल एवं कांस्टेबल सुग्रीव वर्मा ने छात्र-छात्राओं को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में निडर होकर पुलिस और संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस टीम ने महिला हेल्पलाइन 181, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर, पॉक्सो अधिनियम तथा मिशन शक्ति से संबंधित प्रावधानों की जानकारी भी साझा की गई।
छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, ऑनलाइन ठगी से बचने, व्यक्तिगत जानकारी और गोपनीय पासवर्ड किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक से दूर रहने की सलाह दी गई। वहीं, नशा छोड़ने, यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के दुष्परिणामों पर चर्चा करते हुए इनके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। पुलिस टीम ने कहा कि जागरूकता और सजगता के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
कोठीभार पुलिस का यह अभियान छात्र-छात्राओं को कानून, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रहा।