Bureau Report /News 18 Plus /Nichlaul
चमनगंज पुल के पास निचलौल पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा, आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज।
निचलौल (महराजगंज)। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत निचलौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध पिस्टल को नेपाल में बेचने की तैयारी में था।
पुलिस के मुताबिक, सीमा क्षेत्र में अवैध तस्करी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चमनगंज पुल के पास एक युवक अवैध पिस्टल लेकर खड़ा है और नेपाल के किसी व्यक्ति को हथियार बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार युवक की पहचान अमित चौधरी (23), पुत्र राजकुमार चौधरी, निवासी पिपराकाजी, थाना निचलौल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हथियार का लाइसेंस अथवा वैध कागजात मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मामले में मुकदमा अपराध संख्या 275/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक कपिल प्रजापति और कांस्टेबल रामआशीष यादव शामिल रहे।
थानाध्यक्ष का कहना है
निचलौल के प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र राय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर चमनगंज पुल के पास से अवैध पिस्टल और कारतूस के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।