*संपूर्ण समाधान दिवस में 113 शिकायतें, आठ का मौके पर निस्तारण!*

Bureau Report/ News 18 Plus /Farenda 

 

पिंक समाधान दिवस में महिला शिकायतों को प्राथमिकता, 25 प्रतिशत मामलों का मौके पर समाधान।

 

महराजगंज। तहसील फरेंदा सभागार में शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित कर जनसुनवाई की गई। इस दौरान कुल 113 मामले सामने आए, जिनमें आठ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष मामलों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

 

मुख्य विकास अधिकारी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस, मुख्यमंत्री संदर्भ समेत विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। प्रत्येक शिकायतकर्ता से संपर्क करने और स्थलीय निरीक्षण के दौरान उसकी उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

 

उन्होंने सभी विभागों को शिकायतों के निस्तारण में संतुष्टि प्रतिशत बेहतर करने के निर्देश दिए। पराली प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कहा कि धान की कटाई शुरू होने वाली है, इसलिए संबंधित विभाग पहले से तैयार रहें। किसी भी स्थिति में पराली जलाने की घटना स्वीकार नहीं की जाएगी। किसानों को जागरूक कर पराली के वैकल्पिक उपयोग के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

 

मिशन शक्ति के तहत पिंक समाधान दिवस

 

मिशन शक्ति 6.0 अभियान के तहत पिंक समाधान दिवस भी आयोजित किया गया। इसमें महिला शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया। मुख्य विकास अधिकारी की मौजूदगी में महिला शिकायतों से जुड़े 25 प्रतिशत मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

 

संपूर्ण समाधान दिवस में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, तहसीलदार फरेंदा वशिष्ठ वर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *