Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj
माय भारत के नशा मुक्त युवा अभियान में विद्यार्थियों को किया जागरूक।
महराजगंज। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र महराजगंज की ओर से नशा मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत मिठौरा ब्लॉक स्थित दिग्विजयनाथ इंटरमीडिएट कॉलेज, चौक बाजार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिला युवा अधिकारी प्रखर शर्मा तथा जिला युवा कल्याण अधिकारी वैभव सिंह रहे। गोरखपीठाधीश्वर महंत अवेद्यनाथ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रामपाल यादव और सहायक अध्यापक विनोद कुमार विमल ने भी विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी।
जिला युवा अधिकारी प्रखर शर्मा ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और समय का सदुपयोग शिक्षा, खेलकूद तथा रचनात्मक गतिविधियों में करने की अपील की।
उन्होंने माय भारत पोर्टल की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से युवा विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों से जुड़कर अपनी प्रतिभा को निखार सकते हैं तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।
मिठौरा ब्लॉक के माय भारत स्वयंसेवक प्रियांशु पटेल ने विद्यार्थियों को माय भारत के विभिन्न कार्यक्रमों एवं युवा सहभागिता से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के संचालन में स्वयंसेवक श्रीकेश यादव, श्वेता, अविनाश राय और अभय सहित अन्य स्वयंसेवकों ने सहयोग किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया।