*356 गोवंशों की व्यवस्था पर सीडीओ की नजर, बीमार पशुओं के लिए बनेगा अलग कक्ष!*

Bureau Report/News 18 Plus /Maharajganj 

महराजगंज। मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को वृहद गोआश्रय स्थल मधुकर महादेवा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोवंशों के रखरखाव, चारा-भूसा की उपलब्धता, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद से गोआश्रय स्थल में संरक्षित गोवंशों की संख्या तथा उनके लिए उपलब्ध भूसा, हरा चारा और पशु आहार की जानकारी ली। बताया गया कि आश्रय स्थल में कुल 356 गोवंश संरक्षित हैं, जिनमें 300 नंदी और 56 गायें शामिल हैं। इनके भरण-पोषण के लिए 100 कुंतल भूसा भंडारित है, जबकि 200 कुंतल भूसा अलग से आरक्षित रखा गया है। इसके अलावा 10 कुंतल साइलेज और छह कुंतल पशु आहार भी उपलब्ध है।

 

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि गोवंशों को प्रतिदिन हरा चारा उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए चार किसानों के साथ अनुबंध किया गया है, जिससे नियमित रूप से हरे चारे की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

 

सीडीओ ने पशु चिकित्साधिकारियों को गोआश्रय स्थल का नियमित भ्रमण कर गोवंशों के स्वास्थ्य की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बीमार पशुओं की समय से पहचान कर उनका समुचित उपचार कराया जाए। साथ ही बीमार गोवंशों के लिए पृथक एवं सुरक्षित कक्ष की व्यवस्था करने को कहा, ताकि स्वस्थ पशुओं को संक्रमण से बचाया जा सके और बीमार पशुओं की बेहतर देखभाल हो।

 

उन्होंने पशुओं के नाद की गहराई कम कराने के निर्देश देते हुए कहा कि गोवंशों को भूसा और चारा खाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोआश्रय स्थलों पर चारा, भूसा, स्वच्छता, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षित रखरखाव की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

 

निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी बीएन कन्नौजिया, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, खंड विकास अधिकारी फरेंदा अतुल कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *