Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj
3,572 में 2,908 मतदाताओं ने किया मताधिकार का प्रयोग, डीएम-एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण।
महराजगंज। जनपद में स्नातक शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर–फैजाबाद के निर्वाचन के अंतर्गत शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुचारू रूप से संपन्न हुआ। जिले में कुल 81.41 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कुल 3,572 पंजीकृत निर्वाचकों में से 2,908 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 589 महिला तथा 2,319 पुरुष मतदाता शामिल रहे।
मतदान के दौरान प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा, व्यवस्था तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्वयं क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने ब्लॉक परिसर फरेंदा, लक्ष्मीपुर, बृजमंजगंज एवं सदर स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मिली।
जिलाधिकारी ने मतदान व्यवस्था में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों में केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए। मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और मतदान प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित की जाए। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर निर्धारित नियमों से हटकर कार्य न करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने, निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने तथा किसी भी समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर समाधान कराने को कहा।
वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान केंद्रों पर शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण तथा मतदान के दौरान सतर्कता बरतने पर जोर दिया।
मतपेटियां जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा
मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियों को जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने मतपेटियों को जमा कराने की प्रक्रिया की लगातार निगरानी की और संबंधित अधिकारियों को निर्धारित निर्वाचन प्रक्रिया एवं सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित मतदान संपन्न कराने में सहयोग के लिए मतदान कार्मिकों, संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों, राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वय एवं सहयोग से निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में मदद मिली।