Bureau Report/ News 18 Plus/ Siswa Kothibar
पट्टीदारों पर मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
महराजगंज। थाना कोठीभार क्षेत्र के ग्राम रामपुर खुर्द में धान ओसाने के दौरान उड़ रही धूल को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि धूल को लेकर आपत्ति जताने पर पट्टीदारों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडे और ईंट से हमला कर दिया। घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की बात सामने आई है। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
रामपुर खुर्द निवासी रिंकू चौहान पुत्र सुनेसर चौहान ने कोठीभार थाने में तहरीर देकर बताया कि 22 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे घर में धान ओसाने के कारण धूल उड़कर उनके घर की ओर आ रही थी। इस पर उन्होंने धूल उड़ने को लेकर विरोध जताया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर उनके पट्टीदार लालचंद चौहान पुत्र गोबुल, सोनकेशा पत्नी लालचंद, रुबिना पुत्री लालचंद और आदित्य पुत्र लालचंद ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और ईंट से मारपीट कर दी, जिससे उसे चोटें आईं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
मामले में थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि रिंकू चौहान की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक योगेंद्र तिवारी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।