*पुरानी रंजिश में युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, तीन पर एफआईआर!*

Bureau Report /News 18 Plus/ Siswa Kothibar 

 

रास्ते में रोककर गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडे और रॉड से हमले का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच।

महराजगंज। थाना कोठीभार क्षेत्र के ग्राम बेलवा चौधरी में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते में घेरकर तीन लोगों ने युवक के साथ गाली-गलौज की और लाठी-डंडे व रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित के पिता की तहरीर पर कोठीभार पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलवा चौधरी निवासी संतोष गोंड का पुत्र अंकित गोंड 20 अक्टूबर 2026 की शाम करीब छह बजे सिसवा बाजार से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि खेखड़ा नाला, बेलवा चौधरी के पास पहुंचने पर पुरानी रंजिश को लेकर उसका रास्ता रोक लिया गया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ग्राम परसिया निवासी गणेश चौहान पुत्र सुरेंद्र, कन्हैया चौहान पुत्र रामनयन और अखिलेश चौहान पुत्र रामभोग ने अंकित के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

 

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर अंकित को लात-घूंसों, लाठी-डंडे और रॉड से पीटा। मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आने की बात कही गई है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक घटना के बाद आरोपियों ने जान-माल की धमकी भी दी।

 

तहरीर के आधार पर दर्ज हुआ मुकदमा

 

घटना के संबंध में अंकित के पिता संतोष गोंड की तहरीर पर कोठीभार पुलिस ने गणेश चौहान, कन्हैया चौहान और अखिलेश चौहान के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

थानाध्यक्ष ने कहा—जांच के बाद होगी कार्रवाई

 

कोठीभार के थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में दोष सिद्ध होने पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *