Bureau Report /News 18 Plus /Nichlaul
निचलौल पुलिस, एसओजी, स्वाट और सर्विलांस सेल की संयुक्त कार्रवाई; नकदी, फर्जी चेक, मोबाइल और फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद।
महराजगंज। फर्जी चेक के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के तीन वांछित आरोपियों को निचलौल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 30 अक्टूबर 2026 को निचलौल पुलिस, एसओजी, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने तिकुलिया पुल के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी, पंजाब नेशनल बैंक के फर्जी चेक, मोबाइल फोन और फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल बरामद की है।
आवास दिलाने का झांसा देकर हड़पे थे एक लाख रुपये
पुलिस के अनुसार, बीते 14 अक्टूबर 2026 को निचलौल थाना क्षेत्र के पटखना निवासी दसरथ सिंह भारतीय स्टेट बैंक की निचलौल शाखा से एक लाख रुपये निकालकर जा रहे थे। इसी दौरान तिनमुहानी चौराहे के पास आरोपियों ने उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया। बातचीत में उलझाकर आरोपियों ने छलपूर्वक उनसे एक लाख रुपये ले लिए और बदले में दो लाख रुपये का कूटरचित चेक थमा दिया। बाद में धोखाधड़ी का पता चलने पर पीड़ित की शिकायत के आधार पर निचलौल थाने में मुकदमा अपराध संख्या 289/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
बिहार के पश्चिम चंपारण के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा श्रीवास्तव पुत्र स्व. बैलास श्रीवास्तव निवासी सुखचैन, वार्ड संख्या 16, थाना पटखौली, संजय पटेल पुत्र अवध किशोर पटेल निवासी जुड़ापड़ी, वार्ड संख्या 13, थाना भेरगंज तथा मंगल यादव पुत्र रामधारी यादव निवासी नारायणपुर, वार्ड संख्या 4, थाना पटखौली, जनपद पश्चिम चंपारण, बिहार के रूप में हुई है।
नकदी के साथ फर्जी चेक और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 25,200 रुपये नकद, पंजाब नेशनल बैंक के तीन खाली चेक, एक भरा हुआ चेक, एक मोबाइल फोन तथा फर्जी नंबर प्लेट लगी एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
निचलौल के प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। घटना की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की गई। तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।