Bureau Report/ News 18 Plus /Maharajganj
परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश।
महराजगंज, 30 अक्टूबर 2026। जनपद में उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने फरेंदा क्षेत्र के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों, नियंत्रण कक्ष, अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट से परीक्षा संचालन की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश से लेकर ओएमआर शीट और अन्य आवश्यक प्रपत्रों को भेजने तक उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। परीक्षा की शुचिता किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होनी चाहिए। परीक्षा केंद्रों के भीतर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाए।
जिलाधिकारी ने बायोमेट्रिक प्रणाली के माध्यम से अभ्यर्थियों की पहचान जांचने की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया और मशीनों की कार्यप्रणाली समझी। बारिश के कारण प्राकृतिक रोशनी कम होने की स्थिति को देखते हुए उन्होंने सभी परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को अनावश्यक रूप से एकत्रित न होने दिया जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के पास कुछ लोगों की मौजूदगी पर उन्होंने पुलिस प्रभारी को अनावश्यक भीड़ हटाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए।
दोनों अधिकारियों ने सबसे पहले लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां नियंत्रण कक्ष, परीक्षा कक्षों एवं अभ्यर्थियों की जांच व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, आनंदनगर तथा सेठ आनंदराम जयपुरिया इंटर कॉलेज पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संचालित होती मिली।
3404 अभ्यर्थी उपस्थित, 1468 रहे अनुपस्थित
पीईटी परीक्षा की दोनों पालियों में कुल 3404 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 1468 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग नहीं लिया।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी फरेंदा, तहसीलदार फरेंदा, नायब तहसीलदार फरेंदा सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।