विवेचना में लापरवाही पर एसपी की कार्रवाई, उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश त्रिपाठी निलंबित!

90 दिन से अधिक समय बीतने के बाद भी नहीं जुटाए गए आवश्यक साक्ष्य, लंबित विवेचना पर क्षेत्राधिकारी सदर की रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। विवेचनाओं में लापरवाही और कर्तव्यों के प्रति उदासीनता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कार्रवाई की है। थाना सिंदुरिया में तैनात उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश त्रिपाठी को विवेचना में गंभीर लापरवाही एवं शिथिलता बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिंदुरिया में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 166/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता की विवेचना उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश त्रिपाठी के पास थी। आरोप है कि विवेचना के दौरान 90 दिनों से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उनके द्वारा आवश्यक साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी नहीं की गई। इसके साथ ही मुकदमे का निस्तारण भी लंबित रखा गया।

 

मामले में क्षेत्राधिकारी सदर की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में विवेचक की कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही और शिथिलता सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने निलंबन की कार्रवाई की।

 

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस कार्यों और विवेचनाओं में लापरवाही, उदासीनता अथवा कर्तव्यों के निर्वहन में शिथिलता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *