महराजगंज में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 80 किलो दूषित खोया मौके पर कराया नष्ट!

तीन मिठाई की दुकानों से खोया और सोनपापड़ी के नमूने संग्रहित, 24 हजार रुपये मूल्य का दूषित खोया किया गया नष्ट।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को जिले में विशेष जांच अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी महराजगंज और प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय के.के. उपाध्याय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर की तीन मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया।

 

अभियान के दौरान बॉसपार रोड स्थित उपेन्द्र मिष्ठान भंडार से खोया का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं, कोतवाली के निकट स्थित नागेंद्र मिष्ठान भंडार से सोनपापड़ी तथा इंद्रानगर स्थित सुरेश मिष्ठान भंडार से खोया का नमूना लिया गया।

 

निरीक्षण के दौरान सुरेश मिष्ठान भंडार से 80 किलोग्राम दूषित खोया बरामद होने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। नष्ट किए गए खोया की अनुमानित कीमत 24 हजार रुपये बताई गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

 

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार अभियान के तहत कुल तीन नमूने संग्रहित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह, हिमांशु जयंत, हंसराज प्रसाद एवं पवन कुमार गोंड शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *