महिला संबंधी अपराध के मामले में 3 नवंबर को दर्ज हुआ था मुकदमा, विवेचना में साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई; न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जिला कारागार।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज
महराजगंज। जनपद में महिला संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चौक पुलिस ने दुष्कर्म से संबंधित अभियोग में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नसरुद्दीन उर्फ सलमान (26) पुत्र निजामुद्दीन, निवासी ग्राम महुअरकोल, थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर, हाल मुकाम गबड़ुआ, थाना कोतवाली, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर 3 नवंबर 2026 को थाना चौक में मु0अ0सं0 207/2026 के तहत धारा 69 एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पीड़िता का बयान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 183 के अंतर्गत दर्ज किया गया तथा उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस अभियुक्त की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी।
इसी क्रम में 5 नवंबर 2026 की रात करीब 12:19 बजे थाना चौक पुलिस टीम ने खजुरिया पुलिया के पास से वांछित अभियुक्त नसरुद्दीन उर्फ सलमान को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से आदेश पर जिला कारागार महराजगंज भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मनीष पटेल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजभान यादव, उपनिरीक्षक सुजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल अभय कुमार सिंह एवं कांस्टेबल धनंजय पासवान शामिल रहे।