पशुपालन योजनाओं की समीक्षा बैठक में ऐप पर शत-प्रतिशत डाटा फीडिंग के निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक सम्मानित!

भारत पशुधन ऐप पर टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान का विवरण नियमित अपलोड करने पर जोर, सभी पशुओं की टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/महराजगंज

 

महराजगंज। पशुपालन विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पशुपालकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रचार-प्रसार योजनांतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, वेटनरी फार्मासिस्ट तथा मैत्री एवं पैरावेट शामिल हुए।

 

बैठक में भारत पशुधन ऐप पर पशुओं के टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान से संबंधित कार्यों की नियमित फीडिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। पशु चिकित्साधिकारी बरगदवा डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने ऐप पर संबंधित कार्यों की जानकारी अपलोड करने की प्रक्रिया समझाई। वहीं, पशु चिकित्साधिकारी भिटौली डॉ. रिजवान अंसारी ने सही एवं अद्यतन डाटा फीडिंग के लिए क्षेत्र में नए पशुओं का विवरण एकत्रित करने की आवश्यकता बताई।

 

उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, चिकित्सा स्वास्थ्य मुख्यालय डॉ. विनोद कुमार विश्वकर्मा ने एनडीएलएम योजना की जानकारी देते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पशुओं की शत-प्रतिशत टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुओं का विवरण रजिस्टर में सुरक्षित रखने तथा विभागीय कार्यों की प्रगति और उपलब्धियों को प्रतिदिन भारत पशुधन ऐप पर अपलोड करने को कहा।

 

बैठक में विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्रों में पशुपालकों को योजनाओं के प्रति जागरूक करें और पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही फील्ड स्तर पर पशु मित्रों, मैत्री, पशुधन प्रसार अधिकारियों एवं वेटनरी फार्मासिस्ट को ऐप पर टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान का विवरण अपलोड करने में आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं का समाधान किया गया।

 

उत्कृष्ट कार्य करने वाले चार कार्मिक सम्मानित

 

राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण के आठवें चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागीय कार्मिकों को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी नौतनवां डॉ. अशोक कुमार यादव, वेटनरी फार्मासिस्ट शिकारपुर मनोज कुमार, पशुधन प्रसार अधिकारी उस्का कपिल देव निषाद तथा पैरावेट अड्डा बाजार वीरेन्द्र कुमार वर्मा शामिल रहे।

 

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने सम्मानित कार्मिकों के कार्यों की सराहना करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भविष्य में भी तत्परता, प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी के साथ विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *