ठूठीबारी पुलिस और एटीएस सिद्धार्थनगर-गोरखपुर की संयुक्त टीम को मिली बड़ी सफलता, 1 क्विंटल 22 किलो 975 ग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो जब्त।
न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/ठूठीबारी
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ महराजगंज पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 1 क्विंटल 22 किलो 975 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। ठूठीबारी पुलिस, एटीएस सिद्धार्थनगर और एटीएस गोरखपुर की संयुक्त टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर नौवाबारी के पास चेकिंग के दौरान स्कॉर्पियो सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नैमुन निशा उर्फ जहांतारा (49 वर्ष), पत्नी जलालुद्दीन, निवासी चैनपट्टी, थाना तरयां सुजान, जनपद कुशीनगर तथा राजेन्द्र गौड़ उर्फ रविन्द्र (50 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय रामचन्द्र गौड़, निवासी वार्ड नंबर 7 आजाद नगर, थाना सेवरही, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 1 क्विंटल 22 किलो 975 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कॉर्पियो (वाहन संख्या UP32LB-9957) बरामद हुई है। इस मामले में थाना ठूठीबारी में मुकदमा अपराध संख्या 150/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/29 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पहले भी एनडीपीएस मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र गौड़ उर्फ रविन्द्र का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध वर्ष 2020 में थाना विशुनपुरा, कुशीनगर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मुकदमा संख्या 239/2020 तथा वर्ष 2023 में थाना रुधौली, जनपद बस्ती में मुकदमा संख्या 82/2023 दर्ज है।
संयुक्त टीम में शामिल रहे ये पुलिसकर्मी
कार्रवाई करने वाली टीम में ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेश कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह तोमर, महिला उपनिरीक्षक प्रियंका मौर्य, मुख्य आरक्षी राजेश कुमार यादव, उदयभान कुमार, आरक्षी मृत्युञ्जय तिवारी, बलवन्त यादव, मनोहर यादव, निलेश यादव, अजय सिंह, महिला आरक्षी ममता यादव और विनीता यादव शामिल रहीं।
इसके अलावा एटीएस सिद्धार्थनगर से उपनिरीक्षक हिमांशु और मुख्य आरक्षी आकाश यादव तथा एटीएस गोरखपुर से मुख्य आरक्षी उमेश मिश्रा और संदीप जायसवाल ने संयुक्त कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।