शादी का झांसा देकर युवती को सुनसान स्थान पर ले जाने और दुष्कर्म का आरोप, जान से मारने की धमकी देने का भी मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर कोठीभार पुलिस ने संबंधित धाराओं में दर्ज किया मुकदमा, उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य को सौंपी गई जांच।

 

न्यूज़ 18प्लस ब्यूरो/सिसवा कोठीभार

 

महराजगंज। जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम भारत खण्ड पकड़ी में शादी का झांसा देकर युवती को प्रेमजाल में फंसाने, सुनसान स्थान पर ले जाकर जबरन शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़िता की मां प्रभावती देवी पत्नी अनिल वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

शिकायत के मुताबिक, गांव निवासी ऋषिकेश उर्फ गोलू वर्मा पुत्र वीरेन्द्र पर आरोप है कि उसने युवती अलका को शादी का झांसा देकर अपने प्रेमजाल में फंसाया। आरोप है कि 5 नवंबर 2026 की रात करीब दो बजे वह युवती को बहलाकर सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना की जानकारी किसी को देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

 

पीड़िता की मां ने आरोपी से बेटी की सुरक्षा को खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थाना प्रभारी अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। प्रकरण की अग्रिम विवेचना उपनिरीक्षक रत्नेश कुमार मौर्य को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *