Bureau Report /News 18 Plus/ Sindooriya
हरिहरपुर में सिंदुरिया पुलिस की पहल, करीब 25 महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला अपराधों से बचाव और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर थाना सिंदुरिया पुलिस की ओर से ग्राम हरिहरपुर में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में महिला आरक्षी रीमा चौहान, रूनी, अस्तुरन एवं आरती ने करीब 25 महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद कर उन्हें महिला संबंधी अपराधों के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान महिलाओं को छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या एवं दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही घर से चले जाने (एलोपमेंट) से उत्पन्न होने वाली समस्याओं और उसके सामाजिक दुष्परिणामों के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस टीम ने महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181 एवं 102 के साथ साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी। इसके अलावा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
महिलाओं एवं बालिकाओं को अपनी सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और स्वावलंबन के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिसकर्मियों ने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न होने पर वे बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करें।
सम्मेलन में शामिल महिलाओं एवं बालिकाओं ने सिंदुरिया पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जागरूकता की दिशा में उपयोगी कदम बताया।