Bureau Report/ News 18 Plus/ Sindooriya
चिउटहा चौकी प्रकरण में जारी किया दूसरा वीडियो, अखिलेश वर्मा, अनूप तिवारी और मनोज यादव के प्रति जताया सम्मान; पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी को कार्रवाई के लिए दिया धन्यवाद, सिपाही इंद्रासन यादव लाइन हाजिर।
चिउटहा पुलिस चौकी से जुड़ा अधिवक्ता आदित्य पटेल अंकित का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। सोशल मीडिया पोस्ट हटाने के कथित दबाव, अभद्र व्यवहार और 10 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर उठे विवाद के बीच अधिवक्ता ने दूसरा वीडियो जारी कर पूरे घटनाक्रम पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। इस वीडियो में उन्होंने कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, सिंदुरिया थानाध्यक्ष अनूप तिवारी और चिउटहा चौकी प्रभारी मनोज यादव को सम्मान देते हुए उनके खिलाफ किसी प्रकार का विवाद नहीं होने की बात कही है। इस तरह अधिवक्ता ने अपने नए बयान में तीनों पुलिस अधिकारियों को आरोपों से बरी कर दिया है।
दरअसल, अधिवक्ता आदित्य पटेल अंकित ने आरोप लगाया था कि 8 नवंबर 2026 को दिवाली की मिठाई देने के बहाने उन्हें चिउटहा पुलिस चौकी बुलाया गया था। वहां पहुंचने के बाद विधायक के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट हटाने के लिए दबाव बनाए जाने और अभद्र भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया था। इसके साथ ही 10 हजार रुपये के भुगतान को लेकर भी सवाल उठाए गए थे। मामला पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई थी।
दूसरे वीडियो में बदला घटनाक्रम का रुख
अब जारी दूसरे वीडियो में अधिवक्ता ने स्पष्ट किया है कि उनका कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा, सिंदुरिया थानाध्यक्ष अनूप तिवारी और चौकी प्रभारी मनोज यादव से कोई विवाद नहीं है। उन्होंने तीनों अधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए अपनी बात रखी। साथ ही पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के प्रति हृदय से आभार जताया और मामले में की गई कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया।
सिपाही इंद्रासन यादव पर हुई कार्रवाई
इस प्रकरण को लेकर पूर्व प्रमुख श्रवण सिंह के आवास पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की बैठक भी हुई थी। सोशल मीडिया पर साझा जानकारी के अनुसार, मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में पहुंचने के बाद चिउटहा चौकी के सिपाही इंद्रासन यादव को लाइन हाजिर कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद प्रकरण ने एक नया मोड़ ले लिया है।
थानाध्यक्षों ने भी रखा अपना पक्ष
कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि वह दीपावली की औपचारिक मुलाकात के सिलसिले में वहां पहुंचे थे। वहीं, सिंदुरिया थानाध्यक्ष अनूप तिवारी ने कहा कि उनकी ओर से किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया गया। बेहतर पुलिसिंग उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिवक्ता के दूसरे वीडियो का भी उल्लेख किया, जिसमें अधिवक्ता ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है।
फिलहाल दूसरे वीडियो के सामने आने के बाद इस प्रकरण में लगाए गए आरोपों की दिशा बदलती दिखाई दे रही है। खास बात यह है कि अधिवक्ता ने तीनों पुलिस अधिकारियों के प्रति सम्मान जताते हुए पुलिस अधीक्षक को धन्यवाद दिया है। हालांकि, 10 हजार रुपये के लेन-देन और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।