Bureau Report/ News 18 Plus/ Siswa Kothibar
दुर्वलिया में दबंगई का आरोप, पिता और दोनों बेटों को पीटकर किया घायल; जान से मारने की धमकी देने के मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के दुर्वलिया गांव में शराब पीकर गाली-गलौज करने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध से नाराज लोगों ने शिकायतकर्ता और उसके दो बेटों पर लात-घूंसों तथा लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित पक्ष को जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में दुर्वलिया निवासी बेचई यादव पुत्र स्वर्गीय अलगु यादव ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, गोविन्द गुप्ता, अंगद गुप्ता, काजल गुप्ता और एक अज्ञात व्यक्ति पर शराब पीकर गाली-गलौज करने तथा इसका विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। बताया गया कि आरोपियों ने बेचई यादव और उनके बेटे धर्मेन्द्र व शम्भू को लात-मुक्कों एवं लाठी-डंडों से मारकर घायल कर दिया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोठीभार थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों और एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।