*नाबालिगों को वाहन चलाने से किया जागरूक, स्कूली बच्चों को पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ!*

Bureau Report /News 18 Plus /Maharajganj

 

यातायात माह नवंबर के तहत पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्र-छात्राओं को पंपलेट बांटकर बताए यातायात नियम।

 

महराजगंज। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत गुरुवार को यातायात पुलिस ने नगर क्षेत्र स्थित पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बच्चों को यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।

 

कार्यक्रम में यातायात पुलिस ने विशेष रूप से नाबालिग छात्र-छात्राओं को वाहन नहीं चलाने की हिदायत दी। साथ ही दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने से होने वाले खतरों के बारे में जानकारी दी गई।

 

पुलिसकर्मियों ने सड़क पार करते समय सावधानी बरतने, सुरक्षित आवागमन के नियमों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय यातायात संकेतों पर ध्यान देने की अपील की। छात्र-छात्राओं को समझाया गया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।

 

अंत में यातायात पुलिस ने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *