Bureau Report /News 18 Plus/ Sindooriya
महराजगंज। थाना सिन्दुरिया पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹5,820 नकद और वीवो कंपनी का एक स्मार्टफोन बरामद किया है। दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना सिन्दुरिया पुलिस ने चोरी के मुकदमे में वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, थाना सिन्दुरिया में पंजीकृत मुकदमा संख्या 224/2026, धारा 305(ए) एवं 331(4) बीएनएस से संबंधित रामअशीष साहनी पुत्र रामानन्द और दिनेश पुत्र विन्ध्याचल, निवासी ग्राम विश्वनाथपुर पड़वनिया, थाना सिन्दुरिया को 13 नवंबर 2026 की रात करीब 11:04 बजे गिरफ्तार किया गया। दोनों की गिरफ्तारी कुईया कंचनपुर से आगे बसंतपुर पुलिया के पहले नहर किनारे स्थित बगीचे के पास से हुई।
पूछताछ एवं विवेचना के दौरान सामने आया कि अभियुक्तों ने 6 नवंबर 2026 की रात करीब 12 बजे से सुबह 3 बजे के बीच ग्राम बसंतपुर खुर्द में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। तलाशी के दौरान रामअशीष साहनी के कब्जे से 2,800 रुपये नकद और नेवी ब्लू रंग का एक वीवो स्मार्टफोन बरामद हुआ, जबकि दिनेश के पास से 3,020 रुपये नकद मिले। इस प्रकार पुलिस ने कुल 5,820 रुपये नकद और एक स्मार्टफोन बरामद किया।
एक अभियुक्त का पूर्व में भी दर्ज है मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त रामअशीष साहनी के विरुद्ध पूर्व में भी थाना सिन्दुरिया में मुकदमा संख्या 104/2026 धारा 323, 376, 458, 506 भादवि एवं धारा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। वहीं दूसरे अभियुक्त दिनेश का आपराधिक इतिहास पुलिस रिकॉर्ड में निल बताया गया है।
इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अनूप कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक रामानुज सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश कुमार तथा कांस्टेबल अभिमन्यु खरवार, राहुल राजभर, रवि सिंह और गुलशन शामिल रहे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया।