News 18 Plus Bureau/Maharajganj.
पुलिस कार्यालय में पढ़ी गई संविधान की प्रस्तावना, निष्पक्षता, ईमानदारी और जनसेवा के संकल्प को दोहराया।
संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस कार्यालय महराजगंज में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़कर शपथ दिलाई। इस दौरान उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों ने संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों एवं सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्पक्षता, ईमानदारी, अनुशासन और पूरी जिम्मेदारी के साथ करने का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर कहा कि पुलिस सेवा में संविधान के मूल सिद्धांतों एवं संवैधानिक मूल्यों का विशेष महत्व है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। साथ ही कानून के प्रति सम्मान बनाए रखने और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को यह पूर्ण रूप से लागू हुआ। संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने, संवैधानिक आदर्शों को व्यवहार में अपनाने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।