*संविधान दिवस पर गूंजा संवैधानिक मूल्यों का संदेश, डीएम और सीडीओ ने दिलाई शपथ!*

News 18 Plus Bureau/Maharajganj.

 

कलेक्ट्रेट से विकास भवन तक आयोजित हुए कार्यक्रम, अधिकारियों-कर्मचारियों ने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प।

 

 

 

जनपद महराजगंज में 26 नवंबर को संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिले के सभी सार्वजनिक कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन कराते हुए संवैधानिक मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति निष्ठा एवं प्रतिबद्धता की शपथ दिलाई गई।

 

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठन कराया और संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई। वहीं, विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका का पाठन कराते हुए शपथ दिलाई।

 

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र का आधार होने के साथ ही देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का मार्गदर्शक है। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है कि वह संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण और कार्यशैली में आत्मसात करे तथा आमजन के प्रति संवेदनशीलता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे।

 

विकास भवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि संविधान की मूल भावना न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता पर आधारित है। इन आदर्शों को केवल औपचारिक रूप से दोहराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इन्हें अपने दैनिक व्यवहार और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करते हुए जनसेवा के प्रति पूर्ण निष्ठा और जवाबदेही के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और संवैधानिक दायित्वों के प्रति सम्मान बनाए रखने के साथ ही ईमानदारी, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इसके अलावा जनपद के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं ग्राम पंचायतों में भी संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को भारतीय संविधान की महत्ता और उसके मूल सिद्धांतों के प्रति जागरूक किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *