News 18 Plus Bureau/Mithora
मिठौरा में ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में कार्य बहिष्कार, कई कर्मचारी संगठनों ने दिया समर्थन; मानदेय वृद्धि, ईपीएफ और एचआर पॉलिसी लागू करने की मांग।
ग्राम रोजगार सेवकों की लंबित मांगों को लेकर वर्षों से चली आ रही नाराजगी अब आंदोलन में बदल गई है। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा उत्तर प्रदेश के आह्वान पर विकासखंड मिठौरा में ग्राम रोजगार सेवकों एवं वीबी-जी रामजी योजना से जुड़े कार्मिकों ने 21 नवंबर 2026 से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार एवं हड़ताल शुरू कर दी है। कर्मचारियों ने दो टूक कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ग्राम रोजगार सेवक पिछले करीब 20 वर्षों से विभिन्न सरकारी योजनाओं के संचालन एवं क्रियान्वयन में पूरी जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अब तक सम्मानजनक मानदेय वृद्धि, पृथक बजट की व्यवस्था, कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) तथा एचआर पॉलिसी का लाभ नहीं मिल सका है। कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर केवल आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन धरातल पर कोई ठोस पहल नहीं हुई।
इसी उपेक्षा से नाराज होकर ग्राम रोजगार सेवकों सहित वीबी-जी रामजी योजना के कार्मिकों ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया है। आंदोलन को ग्राम प्रधान संघ, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ, ग्राम विकास अधिकारी संघ, अखिल भारतीय कर्मचारी संघ, तकनीकी सहायक संघ, लेखा सहायक संघ, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी संघ, कंप्यूटर ऑपरेटर संघ एवं महिला मेट संघ ने अपना समर्थन दिया है।
कर्मचारियों ने शासन से सम्मानजनक मानदेय वृद्धि, ईपीएफ की सुविधा, एचआर पॉलिसी लागू करने तथा अन्य लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने के बाद ही सभी कर्मचारी काम पर लौटेंगे और अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
इस दौरान आलोक रंजन, निशांत तिवारी, चंद्रशेखर, ईश्वर वर्मा, रवि कुमार, शशिकांत, कपिल गुप्ता, संत कुमार वर्मा, रामकेश्वर रैना, बिरजू चौधरी, नंदनी पटेल, अनिता चौधरी, सीमा विश्वकर्मा, उमेश चौरसिया, मनोज कुमार, विनोद वर्मा, मुजफ्फर, वरुण दूबे, धनराज, विशाल गुप्ता, हरिभजन, आजाद शर्मा सहित तमाम कर्मचारी मौजूद रहे।