*गुलाब का फूल देकर वाहन चालकों को सिखाया यातायात नियमों का पाठ, एनसीसी कैडेट्स ने भी संभाली जागरूकता की कमान!*

News 18 Plus Bureau/Maharajganj.

 

यातायात माह के तहत महराजगंज में अनूठी पहल, बिना हेलमेट और सीटबेल्ट चलने वालों को फूल भेंटकर किया जागरूक; पुलिस ने सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

 

यातायात नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस जहां कार्रवाई करती है, वहीं महराजगंज में यातायात पुलिस ने जागरूकता का अनूठा तरीका अपनाया। यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में नगर क्षेत्र में एनसीसी कैडेट्स के सहयोग से विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।

 

अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए वाहन चालकों को गुलाब का फूल भेंटकर सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया। पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स ने वाहन चालकों को समझाया कि हेलमेट और सीटबेल्ट का इस्तेमाल केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।

 

इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने भी यातायात पुलिस के साथ सक्रिय भागीदारी निभाई और लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की।

 

महराजगंज पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। पुलिस ने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीटबेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *