*महुअवा ढाले पर उमड़ा संतों का सैलाब, भजन-कीर्तन से गूंजा सनातन का संदेश!*

News 18 Plus Bureau/Maharajganj.

 

हजारों संतों ने एकजुट होकर की सर्वसमाज के कल्याण की प्रार्थना, व्यवसायी राजकुमार गुप्ता ने परिवार सहित संतों को वितरित किए कंबल और दक्षिणा।

 

 

महराजगंज नगर के महुअवा ढाले पर गुरुवार को भव्य संत समागम का आयोजन हुआ। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों और मंदिरों से पहुंचे हजारों संतों, महात्माओं एवं पुजारियों की मौजूदगी में सनातन संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली। भजन-कीर्तन और ईश्वर की आराधना से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। संतों ने सामूहिक रूप से सर्वसमाज के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

 

कार्यक्रम का आयोजन जिले के प्रसिद्ध बोकड़ा देवी मंदिर के पुजारी त्यागी बाबा के दिशा-निर्देशन में किया गया। समागम में बड़ी संख्या में संत-महात्माओं के साथ सैकड़ों महिला साध्वियों और नागा साधुओं ने भी सहभागिता की। इस दौरान संतों ने सनातन धर्म की परंपराओं, आध्यात्मिक मूल्यों और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।

 

समागम की विशेष बात यह रही कि संतों के लिए भोजन की व्यवस्था स्वयं संतों द्वारा तैयार किया गया था, जबकि उनके दैनिक आवश्यकताओं की जिम्मेदारी जिले के व्यवसायी राजकुमार गुप्ता (राजकुमार लहसुन ट्रेडिंग कंपनी) ने संभाली। उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों के साथ सभी संतों को कंबल वितरित किए तथा दक्षिणा देकर उनका सम्मान किया। उनके इस सेवा भाव की लोगों ने सराहना की।

 

कार्यक्रम में बाबा बालक दास, निर्मोही बाबा, बाबा अयोध्या दास, हनुमंत प्रभु, बाबा केदारनाथ सहित हजारों संत-महात्मा मौजूद रहे। संत समागम ने धार्मिक आस्था, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए सनातन संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *