News 18 Plus Bureau/Siswa Kothibahar.
पट्टीदारों पर गाली-गलौज, लात-घूंसे और डंडे से हमला करने का आरोप; जान से मारने की धमकी देने की भी शिकायत, उपनिरीक्षक उदयभान को सौंपी गई जांच।
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्राम मधवलिया में दरवाजे की साफ-सफाई को लेकर हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि इस दौरान एक युवती को लात-घूंसे और डंडे से पीटकर घायल कर दिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधवलिया निवासी नजीबुन निशा पत्नी शमशेर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 26 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे दरवाजे की साफ-सफाई को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान पट्टीदार असलम पुत्र खलील, तबीरून निशा पत्नी असलम निवासी मधवलिया तथा असलम के साले अब्दुल पुत्र जितल्ली निवासी अहिरौली, थाना घुघली ने गाली-गलौज करते हुए उनकी पुत्री सहीना खातून के साथ मारपीट की। आरोपितों ने लात-घूंसे और डंडे से हमला कर उसे घायल कर दिया। पीड़िता ने आरोपितों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
इस संबंध में कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि 27 नवंबर 2026 को तीनों नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक उदयभान को सौंपी गई है। पुलिस प्रकरण की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।